नीमच। शहर की गांधी वाटिका में आज दूध विक्रेता संघ की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ के सदस्यों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की।
दूध की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर करने की मांग-
दूध विक्रेता संघ ने बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए शुद्ध दूध की कीमत 70 रुपये प्रति लीटर निर्धारित करने की मांग की। इसके साथ ही प्रति फैट 11 रुपये की दर तथा 10 रुपये बोनस बढ़ाने की मांग भी उठाई। संघ के सदस्यों का कहना है कि दूध की गुणवत्ता और उससे बनने वाले मावे की मात्रा को ध्यान में रखते हुए उचित मूल्य निर्धारित किया जाना चाहिए, ताकि दूध उत्पादकों और विक्रेताओं को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
गाय को राष्ट्रीय गोमाता का दर्जा देने की मांग-
संघ की 13 सूत्रीय मांगों में गाय को राष्ट्रीय गोमाता का दर्जा देने की मांग भी शामिल है। सदस्यों ने शासन से इस मांग पर उचित निर्णय लेने की अपील की।
कृषि अवशेष जलाने पर रोक लगाने की मांग-
दूध विक्रेता संघ ने सूखे चारे, बगदा और शुखला जैसे कृषि अवशेषों को बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियों में जलाए जाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी उठाई। संघ के सदस्यों ने कहा कि इन मुद्दों पर शासन-प्रशासन को गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाने चाहिए।
बैठक के बाद रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपनी सभी 13 सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई करने और समस्याओं का समाधान करने की मांग की।