उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। निगम की रिमूवल गैंग ने महाकाल मंदिर के आसपास सहित शहर के विभिन्न इलाकों में जेसीबी चलाकर अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान गुदरी चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट संचालक पर अतिक्रमण करने के मामले में 20 हजार रुपए का स्पॉट फाइन भी लगाया गया।
महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक चला अभियान
नगर निगम की टीम ने महाकाल चौराहा, 24 खंभा, हरसिद्धि पाल, गुदरी चौराहा और गोपाल मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान दुकानदारों द्वारा सड़कों और नालियों पर बनाए गए अवैध ओटले, सीढ़ियां और गुमटियों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
महाकाल मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे कब्जों को लेकर निगम ने सख्त रुख अपनाया है।
दोबारा कब्जा किया तो लगेगा जुर्माना
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है, वहां फुटपाथ, नालियों और सड़कों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को चौड़ीकरण वाले सभी मार्गों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नया या पुराना अतिक्रमण मिलने पर उसे तत्काल हटाया जाए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई भी की जाए।
निगम के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया, उपयंत्री राजेंद्र रावत, दिलीप मालवीय, स्वास्थ्य निरीक्षक अंकित झंझोट, मनीष पांडे सहित नगर निगम का रिमूवल अमला मौजूद रहा।