खरगोन। कपास मंडी में इन दिनों बंपर आवक हो रही है। बाजार में कपास के दाम 7600 से 9600 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। यह समर्थन मूल्य 8659 रुपए से करीब 900 रुपए ज्यादा है। त्योहार और अच्छे भाव के चलते पिछले दो दिन से 25000 क्विंटल से ज्यादा कपास मंडी पहुंचा है।
कॉटन एंड प्रोसेसर्स ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने बताया कि देश में कमजोर मानसून के कारण गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना में कपास की फसल कमजोर है। वहीं, मध्य प्रदेश में जरूरत के समय बारिश होने से फसल अच्छी हुई है। इससे किसानों को उम्मीद से बेहतर दाम मिल रहे हैं।
कपास की अच्छी गुणवत्ता को देखते हुए भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने 15 अक्टूबर से खरीदी शुरू करने का ऐलान किया है। इसके लिए दो दिन पहले स्लॉट बुकिंग होगी। सरकारी खरीदी शुरू होने से बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और आने वाले दिनों में भी दाम ऊंचे बने रहने की उम्मीद है।