नीमच। शहर के न्यू इंद्रा नगर स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर परिसर में नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यहां पिछले तीन वर्षों से लगातार गरबा आयोजन की परंपरा जारी है। नौ दिनों तक माता की पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक थीम पर गरबा खेला जा रहा है।
इसी क्रम में राजस्थानी थीम पर आयोजित गरबा आकर्षण का केंद्र रहा। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक राजपूती वेशभूषा धारण कर राजस्थानी भजनों की धुन पर गरबा किया। वहीं, छोटी-छोटी बालिकाओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के रूप में सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनीं।
हर दिन अलग वेशभूषा, गरबा में दिख रही भारतीय संस्कृति की झलक
नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को वेशभूषा के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। बंगाली, तमिल, राजस्थानी, मराठी और गुजराती थीम पर गरबा आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही कहीं तलवार तो कहीं खप्पर के साथ पारंपरिक अंदाज में गरबा खेलकर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की जा रही है।
मंशापूर्ण महादेव मंदिर का यह गरबा महोत्सव धार्मिक भक्ति के साथ भारतीय लोक संस्कृति को सहेजने का माध्यम भी बन रहा है। आयोजन में महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की भागीदारी से नवरात्रि का उत्साह देखते ही बन रहा है।