उज्जैन। टीवी अभिनेता गुरमीत चौधरी और अभिनेत्री देबिना बनर्जी गुरुवार सुबह उज्जैन पहुंचे। दोनों ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रातरूकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। भस्म आरती के दिव्य अनुभव से दोनों अभिभूत नजर आए। उन्होंने मंदिर में दर्शन व्यवस्था की भी तारीफ की। दोनों ने भस्म आरती में शामिल होने के अनुभव को अद्भुत बताया और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्था अच्छी थी।
रात 1 बजे से दर्शन का इंतजार कर रहे थे
दर्शन के बाद अभिनेत्री देबिना बनर्जी ने कहा, “जय श्री महाकाल। आज हमें भस्म आरती देखने का मौका मिला। यहां जो कुछ भी देखने को मिला, वह बहुत ही अद्भुत था।” उन्होंने बताया कि सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कई लोग रात 12 बजे से ही कतार में खड़े थे, जबकि वे खुद भी रात करीब 1 से 1ः30 बजे से दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे।
देबिना ने कहा कि इतनी भीड़ होने के बावजूद पूरी व्यवस्था बेहद व्यवस्थित थी। दर्शन के बाद वे थकान महसूस करने के बजाय बेहद खुश हैं। उनके लिए यह अनुभव यादगार रहा।
गुरमीत बोले- यहां आकर मिलीं बहुत सारी ब्लेसिंग्स
अभिनेता गुरमीत चौधरी ने भी भगवान महाकाल के दर्शन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा और भगवान का आशीर्वाद मिला। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है।
गुरमीत ने श्रद्धालुओं से उज्जैन आकर भगवान महाकाल के दर्शन करने की अपील करते हुए कहा, “मैं सबसे यही गुजारिश करता हूं कि यहां नहीं आए तो आदमी कहीं नहीं गया।