नीमच। संगीत जगत के सुप्रसिद्ध संगीतकार एवं पार्श्व गायक सतीश देहरा रविवार को नीमच प्रवास पर आएंगे। इस दौरान वे नाकोड़ा धाम तीर्थ पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद नगर के संगीत प्रेमियों, कला साधकों और स्नेहीजनों से आत्मीय मुलाकात करेंगे।
सतीश देहरा मूल रूप से राजस्थान के नागौर जिले के दुगस्ताऊ गांव के निवासी हैं और वर्तमान में मुंबई में सक्रिय हैं। उन्होंने रामायण और श्रीकृष्ण सहित कई प्रसिद्ध धारावाहिकों एवं फिल्मों में संगीत दिया है। प्रयाग संगीत समिति से जुड़े देहरा ने जयपुर घराने में संगीत की विधिवत शिक्षा प्राप्त की है।
रामायण की चौपाइयों और भजनों को स्वर देने के कारण उन्हें विशेष पहचान मिली है। सनातन संस्कृति और भारतीय संगीत परंपरा को बढ़ावा देना उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य रहा है। उनके नीमच आगमन को लेकर संगीत प्रेमियों और कला साधकों में उत्साह है।