खेड़ा। मंदसौर जिले की सीतामऊ तहसील के ग्राम खेड़ा स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में शारदीय नवरात्रि के छठे दिन श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया है। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त ग्राम खेड़ा पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मां के दरबार में पहुंच रहे हैं, तो कई भक्त चुनर यात्रा लेकर माता रानी के दर्शन करने आ रहे हैं।
मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक नागदा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में प्रतिदिन भव्य आरती सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। शाम के समय मंदिर परिसर में डांडिया-गरबा महोत्सव का आयोजन हो रहा है, जिसमें श्रद्धालु उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और माता रानी के जयकारों से माहौल धर्ममय हो रहा है।
पुजारी पंडित अभिषेक नागदा ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर दर्शन करने, पूजा-अर्चना करने और धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। नवरात्रि के छठे दिन भी मंदिर में भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है।