शाजापुर। मक्सी-पीर उमरोद रेलखंड के बीच ग्राम झोंकर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान गोवा एक्सप्रेस ट्रेन ने स्थायी मार्ग निरीक्षक की ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में एक रेलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल रेलकर्मी का पैर कट गया। दुर्घटना के कारण करीब आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, मक्सी और पीर उमरोद के बीच रेलवे ट्रैक पर सुधार कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान मक्सी की ओर से आ रही डायवर्टेड गोवा एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक मेंटेनेंस में लगी ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रैक सुधार कार्य में लगे रेलकर्मी भगवानसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि हादसे में दिलीप जायसवाल का पैर कट गया। दोनों कर्मचारी बलियासोन, जिला शाजापुर के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की जांच शुरू, रेल यातायात बहाल-
दुर्घटना की सूचना मिलने पर रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण करीब आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। रेलवे टीम ने कार्रवाई के बाद यातायात सुचारू कराया।
रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में एक रेलकर्मी की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के कारण करीब आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।