मनासा। नवरात्रि के पावन पर्व पर शक्ति साधना और श्रीहनुमान आराधना का अनूठा संगम देखने को मिला। हिंदू युवा उत्सव समिति द्वारा आयोजित गरबा मंडप में मां दुर्गा के दरबार में सनातन सत्संग मंडल का 108वां श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं और सनातन परिवारों की सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा विद्वान एवं साहित्याचार्य संत श्री चेतनरामजी की प्रेरणा से नगर में चल रहे इस धार्मिक आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्सव समिति के रमेश अरोरा, ललित जोलान्या, राधेश्याम गुजराती, संजय भाटी, संदीप जोलान्या, रूपचंद भाटी, पवन चौहान, जगदीश रावत, विनोद सिहार, चेतन परिहार, दीपक योगी और पिंटू रावत सहित अन्य सदस्यों ने मां दुर्गा की प्रतिमा एवं श्रीहनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
भजन संध्या में राजकुमार मारू ने ‘श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ भजन के माध्यम से हनुमानजी की भक्ति का वर्णन किया। सत्यनारायण सोनी ने ‘खम्मा खम्मा हो जरणी भादवा री माता’ भजन प्रस्तुत कर महामाया भादवामाता की महिमा का गुणगान किया। वहीं यूट्यूबर गोपाल हिंदुस्तानी ने सालासर बालाजी की महिमा सुनाई, जबकि कमल विजयवर्गीय ने श्रीचारभुजाजी की प्रसिद्ध लावणी प्रस्तुत की।
गोपाल राठौर ने ‘जय आदिशक्ति जगदम्बे, अरज सुण अम्बे, आंवरा बेगा पधारो जी’ लावणी से मां आंवरीमाता की आराधना की। विजय उपाध्याय ने लोकदेवता बाबा रामदेव की गाथा भजन के माध्यम से प्रस्तुत की। वहीं अर्पित शर्मा ने ‘थारे हेलो पे हेलो देऊं मारी मां’ भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर ओम सोनी, पल्लवी योगी और श्याम चौधरी सहित अन्य कलाकारों ने भी भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
सनातन सत्संग मंडल ने आयोजन के लाभार्थी हिंदू युवा उत्सव समिति एवं सभी सनातन परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 20 अक्टूबर, मंगलवार को शाम 5 बजे दशहरा मैदान में सपरिवार सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ तथा रात 8ः30 बजे से श्रीबालवीर हनुमान मंदिर, भड़जी गली में आयोजित पाठ एवं सत्संग में शामिल होने का आग्रह किया।