नीमच। ज्ञानोदय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट द्वारा शारदीय नवरात्रि के छठे दिन एक दिवसीय भव्य गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान की विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा उत्सव में कुल 20 ग्रुपों ने हिस्सा लेकर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झलक प्रस्तुत करते हुए आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। विद्यार्थियों ने पारंपरिक अंदाज में गरबा प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति और नवरात्रि की धार्मिक परंपराओं को जीवंत किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता का अवसर प्रदान किया। गरबा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
नवरात्रि के उल्लास और भक्ति से सराबोर यह गरबा उत्सव विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा। आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों का सुंदर संगम देखने को मिला।