नीमच। आरआरएम कॉलेज द्वारा गोधाम बालाजी मंदिर परिसर में एक दिवसीय गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए गरबा नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिन्होंने राजवाड़ी, मारवाड़ी और राजस्थानी थीम पर आधारित आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में गरबा किया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कृति और पारंपरिक परिधानों की मनमोहक झलक देखने को मिली। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने अपने नृत्य और शानदार प्रस्तुतियों से उत्सव को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया और सभी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
गरबा उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक सहभागिता से जोड़ना रहा। विभिन्न टीमों की प्रस्तुतियों के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर प्रदान करने के साथ ही भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बना।