पिपलियामंडी। आदि जगद्गुरु शंकराचार्य भगवान की दीक्षा स्थली और ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के पावन तीर्थ क्षेत्र में मां नर्मदा के तट पर स्थित श्री वनदेवी आश्रम में अंतरराष्ट्रीय रामकथा प्रवक्ता परम पूज्य मुरारी बापू का आगमन हुआ।
परम पूज्य मुरारी बापू भारत की धरती से सभी के मंगल और कल्याण का संदेश लेकर निकली भारत स्वास्तिक नवदिवसीय रामकथा यात्रा के अंतर्गत ओंकारेश्वर प्रवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उनकी एक दिवसीय रामकथा का आयोजन भी हुआ।
इसी प्रवास के दौरान मालवा की गौरव रामकथा प्रवक्ता साध्वी सीताबहन के नर्मदा तट स्थित श्री वनदेवी आश्रम में बापू का पदार्पण हुआ। मां नर्मदा की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी साध्वी सीताबहन के सेवा कार्यों को देखकर परम पूज्य मुरारी बापू ने प्रसन्नता व्यक्त की और उनके सेवाभाव की सराहना की।
इस अवसर पर काशी के जगद्गुरु सतुआ बाबा जी महाराज का भी आगमन हुआ। संतों के आगमन से आश्रम का वातावरण भक्तिमय हो गया।