रेवली-देवली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रेवली-देवली की महिला शक्ति द्वारा आज 51 फीट चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। शाम 6 बजे शुरू होने वाली यह यात्रा पूरे रेवली-देवली क्षेत्र से होते हुए पीपलोन रोड स्थित अति प्राचीन एवं दिव्य महिषासुर मर्दिनी माता मंदिर पहुंचेगी। यहां माता रानी को चुनरी अर्पित करने के बाद महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी माता के दरबार में चुनरी यात्रा पहुंची थी, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए थे। उस दौरान यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया था। इस बार भी नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
रेवली-देवली के पीपलोन रोड स्थित इस प्राचीन मंदिर के प्रति क्षेत्रवासियों में गहरी आस्था है। मंदिर में हुए चमत्कारों से जुड़ी मान्यताओं के चलते मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भक्तजन माता रानी के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मंदिर परिसर में पिछले कई वर्षों से भव्य धार्मिक कथाओं का आयोजन भी किया जाता रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। कथा के दौरान प्रतिदिन भंडारे का आयोजन होता है। नवरात्रि में कलश स्थापना के अवसर पर मंदिर में सहस्र चंडी यज्ञ का आयोजन भी किया गया था।