माउंट आबू। धार्मिक एवं पर्यटन नगरी माउंट आबू में नवरात्रि एवं दशहरा महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। 33 कोटि देवी-देवताओं की आस्था से जुड़ी इस नगरी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश की विविध परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। गुजराती गरबा, राजस्थानी घूमर, पंजाबी भांगड़ा और दक्षिण भारतीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों के साथ देशभर से आए पर्यटकों का मन मोह लिया।
माउंट आबू के सेंट जोसेफ स्कूल प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं सॉलिसिटर जनरल रह चुके न्यायमूर्ति नरीमन की पत्नी कयान नरीमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उत्सव को यादगार बना दिया। विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मां की पूजा-अर्चना और उत्सवी माहौल के बीच आयोजित यह कार्यक्रम पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
माउंट आबू में नवरात्रि एवं दशहरा महोत्सव के दौरान हर वर्ष इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाता है। इस बार भी सेंट जोसेफ स्कूल परिसर में आयोजित महोत्सव ने एकता, संस्कृति और उत्साह का संदेश दिया।