नीमच। शिक्षा इंसान की जिंदगी को संवारती है और उसे सही-गलत की पहचान कराती है। शिक्षा न केवल बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराती है, बल्कि बेहतर समाज और मजबूत कौम के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह बात शेख सैयद पठान जिला कमेटी के सदर एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलीम खान ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खान की जयंती के अवसर पर इकरा एकेडमी, बघाना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
सलीम खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के बल पर ही डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम देश के प्रसिद्ध वैज्ञानिक बने और राष्ट्रपति पद तक पहुंचे। डॉ. जाकिर हुसैन ने भी राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की, वहीं मौलाना अबुल कलाम आजाद देश के पहले शिक्षा मंत्री बने। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा हासिल कर अपने माता-पिता, शिक्षकों और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
मीडिया प्रभारी आरिफ शेख ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में इकरा एकेडमी के प्रिंसिपल नासिर सर, अजीज सर, फरहीन मैडम सहित अन्य वक्ताओं और विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को कलम, पेन और बिस्किट वितरित किए गए। इस अवसर पर हयात खान, सैयद हसन अली, बाबू भाई ठेकेदार, छुटन पठान, याकूब पठान, हासिम खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।