कुकड़ेश्वर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नगर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम मची हुई है। तलाऊ रोड स्थित मां आदिशक्ति मंदिर में प्रतिदिन गरबा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। उत्सव में नन्हीं बालिकाओं द्वारा गरबा और डांडिया रास की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
मंदिर में प्रतिदिन रात 8 बजे मां आदिशक्ति की आरती की जाती है। इसमें नगर के वरिष्ठ नागरिकों, गणमान्यजनों, पत्रकारों, पार्षदों, महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर माता रानी की पूजा-अर्चना करते हैं। आरती के पश्चात बालिकाएं पारंपरिक वेशभूषा में गरबा और डांडिया रास प्रस्तुत करती हैं।
गरबा उत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहता है। बालिकाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने के लिए प्रतिदिन श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। भक्तजन मां आदिशक्ति के दर्शन और आरती में शामिल होकर धर्मलाभ ले रहे हैं तथा गरबा उत्सव का आनंद उठा रहे हैं।
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह उत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का माध्यम भी बन रहा है। आयोजन को लेकर नगरवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।