जीरन। नगर में चल रहे दशहरा मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मेले में झूला-चकरी लगाने आए परिवार के दो मासूम बच्चों की जीरन तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर से मेले में शोक छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे सगे भाई-बहन थे और उनकी उम्र करीब 7 और 9 वर्ष बताई जा रही है। परिवार मूल रूप से राजस्थान के अजमेर का निवासी है और दशहरा मेले में झूला-चकरी लगाने के लिए जीरन आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे करीब चार घंटे से लापता थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश की। बाद में स्थानीय निवासी रामलाल परमार ने तालाब में तलाश करते हुए दोनों बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और मेले में मातम छा गया।