बड़वानी। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर शहर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। मंदिरों में सुबह-शाम आरती और पूजा-अर्चना के साथ गरबा मंडलों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम मची हुई है। इसी क्रम में धोबड़िया हिल्स स्थित मां वैष्णोदेवी दरबार में 23 अक्टूबर को 31वें विशाल प्रसादी भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जारी हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए पावागढ़ माता की थीम पर आकर्षक पांडाल तैयार किया गया है, जो विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
1996 में हुई थी मंदिर की स्थापना
मंदिर से जुड़े आनंद हल्दीवाल ने बताया कि मां वैष्णोदेवी दरबार की स्थापना के पीछे उनकी बहन के स्वास्थ्य से जुड़ी आस्था और मन्नत की कहानी है। बहन के स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने संकल्प लिया था कि उनके ठीक होने पर बड़वानी में मां वैष्णोदेवी की स्थापना कर वहां से अखंड ज्योत लाई जाएगी। इसी संकल्प के तहत 20 अक्टूबर 1996 को मंदिर की स्थापना की गई। तभी से मंदिर में धार्मिक गतिविधियों और भंडारे की परंपरा निरंतर जारी है।
उन्होंने बताया कि मंदिर का संचालन मंदिर समिति द्वारा किया जाता है, जबकि प्रतिवर्ष विशाल भंडारे की व्यवस्थाओं के लिए अलग समिति गठित कर सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। इस वर्ष 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल प्रसादी भंडारा आयोजित होगा। इसमें बड़वानी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालु स्वेच्छा से दे रहे खाद्य सामग्री
भंडारे को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन के लिए श्रद्धालु स्वेच्छा से शुद्ध घी, सोयाबीन तेल, बेसन, हरी सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर सहयोग कर रहे हैं। समिति के अनुसार, भंडारे में एकत्रित राशि में से 10 प्रतिशत राशि सनातन धर्म से जुड़े कार्यों पर खर्च करने का निर्णय लिया गया है। आयोजन में बड़वानी धरोहर सहित शहर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक समितियां भी सहयोग करेंगी।
मंदिर समिति में सौंपी जिम्मेदारियां
भंडारे की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मंदिर समिति की बैठक में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसमें अजय वसुरे को अध्यक्ष, अंकित बघेल एवं राम अग्रवाल को उपाध्यक्ष, रितिक राठौर एवं अतुल जमरे को सचिव तथा मयूर उपासनी एवं मोहित पाटीदार को सहसचिव बनाया गया है। वहीं अशोक शर्मा दादा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पत्रकार आदित्य शर्मा एवं पत्रकार अनुभव अवस्थी मीडिया प्रभारी तथा अभीउदय शर्मा एवं प्रिंस लोनारे प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पावागढ़ माता की थीम पर तैयार किया भव्य पांडाल
मां वैष्णोदेवी दरबार में इस वर्ष पावागढ़ माता की थीम पर आकर्षक स्वरूप तैयार किया गया है। विघ्नहर्ता यूनिटी के सदस्य आर्यन मारू ने बताया कि समिति के करीब 40 सदस्यों ने दिन-रात मेहनत कर पांडाल को तैयार किया है। इसे बनाने में लगभग 50 से 60 हजार रुपये की लागत आई है। पिछले वर्ष समिति द्वारा मां वैष्णोदेवी के स्वरूप के साथ गुफा का निर्माण किया गया था। समिति का प्रयास है कि हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए नए धार्मिक स्वरूप और आकर्षक सजावट तैयार की जाए।
इस आयोजन में राम अग्रवाल, रितिक राठौर, अतुल जमरे, अमन साबले, गौतम जैन, अंशुल हल्दीवाल, वंश मित्तल, चिराग शर्मा, अंकुश भावसार, अक्षय भावसार, अर्थ जोशी, यश यादव, अंशु जोशी, सौरभ सेन, नीरज सोनी (नीर), आर्यन मारू, अश्विन कुमरावत, आशीष मुकाती, अनमोल नीमा, ऋषि शर्मा, प्रज्वल चौहान एवं विनीत गुप्ता सहित अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
सुबह-शाम हो रही विशेष आरती
नवरात्रि के दौरान मां वैष्णोदेवी दरबार में सुबह-शाम विशेष आरती की जा रही है। श्रद्धालु अलग-अलग दिनों में आरती और प्रसादी वितरण की जिम्मेदारी लेकर आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले विशाल भंडारे की तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से मां के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण करने तथा आयोजन में तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की है।