दूदरसी। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी ग्राम बिसलवास कलां में श्री नवदुर्गा गरबा उत्सव समिति के तत्वावधान में नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान मां नवदुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रतिदिन गरबा पांडाल में महाआरती की जाती है। आरती के लिए समिति की ओर से अतिथियों को आमंत्रित किया जाता है।
इसी क्रम में महोत्सव के सातवें दिन मां कालरात्रि के सप्तम स्वरूप की पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अनिल जैन, प्रधानाध्यापक, माध्यमिक विद्यालय दूदरसी; आजाद शर्मा, पूर्व अध्यापक, माध्यमिक विद्यालय दूदरसी; लक्ष्मीनारायण पाटीदार, पूर्व सरपंच, ग्राम पंचायत दूदरसी; सुरेशदास बैरागी, सुरेश पाटीदार एवं दुर्गाशंकर पाटीदार उपस्थित रहे। अतिथियों के सानिध्य में मां की आरती संपन्न हुई।
गरबा पांडाल में गांव की नन्ही-मुन्नी बालिकाओं ने डांडिया एवं दीप नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया।
पारंपरिक गरबा गायन बना आकर्षण-
गरबा महोत्सव की विशेषता यह है कि यहां डीजे की धुन के बजाय मुकेशदास बैरागी एवं कानका की कथा वाचक मित्र मंडली द्वारा पारंपरिक गरबा गायन प्रस्तुत किया जा रहा है। पारंपरिक अंदाज में हो रही प्रस्तुतियों से महोत्सव का उत्साह और भी बढ़ रहा है तथा श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन माध्यमिक विद्यालय दूदरसी के अध्यापक नंदलाल पाटीदार द्वारा किया जा रहा है। महाआरती के पश्चात उपस्थित ग्रामवासियों को प्रसाद वितरित किया जाता है।