नीमच। श्री एसआर ग्रुप ऑफ कॉलेज, नीमच में नवरात्रि के पावन अवसर पर गरबा उत्सव ‘ढोली थारो’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, गरबा गीतों और सामूहिक नृत्य से पूरा महाविद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर आयोजन की रौनक बढ़ाई। गरबा गीतों की मधुर धुनों पर विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से गरबा नृत्य किया। उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक एकता से सराबोर माहौल ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की चेयरपर्सन संजू देवी तिवारी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। महाविद्यालय के डायरेक्टर धर्मेश तिवारी, एडमिनिस्ट्रेशन प्रमुख मोहनलाल शर्मा तथा फार्मेसी प्राचार्य डॉ. चेतना त्रिपाठी ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के उत्साह की प्रशंसा की।
सामूहिक प्रयासों से आयोजन बना यादगार-
गरबा उत्सव को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सहयोग और सहभागिता से ‘ढोली थारो’ एक यादगार सांस्कृतिक आयोजन बन गया।
इस उत्सव ने विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करने के साथ ही महाविद्यालय परिवार के बीच आपसी सौहार्द, एकता और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया। उत्सव में शामिल विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के लिए यह आयोजन आनंद और उमंग से भरा यादगार अनुभव रहा।