बड़वानी। शहर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर मां गरबा रास समिति द्वारा अयोध्या धाम फुटबॉल ग्राउंड पर आयोजित नौ दिवसीय ओपन गरबा रास महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। 11 से 19 अक्टूबर तक चल रहे इस आयोजन में गरबा प्रेमी पारंपरिक गुजराती, निमाड़ी सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं। आकर्षक पंडाल, संगीत की मधुर धुनों और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच गरबा रास का उत्साह लगातार बना हुआ है।
समिति के दिनेश शर्मा सहित सदस्यों ने बताया कि मां गरबा रास का आयोजन वर्ष 2014 से निरंतर किया जा रहा है। इस वर्ष भी नवरात्रि के अवसर पर शहरवासियों को ओपन गरबा में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है, जिससे बड़ी संख्या में गरबा प्रेमी इसमें सहभागिता कर रहे हैं।
महोत्सव में गुजरात से आए गायक एवं वादक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध रहे हैं। वहीं खंडवा और रतलाम के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। निमाड़ी और गुजराती गरबा सहित विभिन्न पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनी हुई हैं। संगीत की लय और पारंपरिक गरबा की थाप पर प्रतिभागी उत्साह के साथ गरबा रास कर रहे हैं।
आयोजन स्थल पर अतिथियों के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की गई है। वहीं विशेष दिनों में गरबा प्रेमियों और दर्शकों के लिए फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी और वाटर कूलर सहित आकर्षक उपहार भी रखे गए हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं के अंतर्गत म्यूजिक, साउंड सिस्टम और अन्य तकनीकी जिम्मेदारियां मुख्य रूप से मयंक शर्मा (मय्यू) संभाल रहे हैं।
विशेष वेशभूषा में गरबा कर रही बीडीसी टीम
बीडीसी ग्रुप के भवेश यादव ने बताया कि उनकी टीम प्रतिदिन गरबा आयोजन में शामिल होकर उत्साह के साथ गरबा कर रही है। नौ दिवसीय आयोजन में निशुल्क प्रवेश होने से शहरवासियों को गरबा करने और मां की आराधना का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम की खासियत उसकी अलग और आकर्षक वेशभूषा है। टीम के सदस्य अपने कपड़ों को विशेष रूप से कस्टमाइज करवाते हैं, जिससे उनकी प्रस्तुति अन्य टीमों से अलग नजर आती है।भवेश यादव ने बताया कि बीडीसी ग्रुप बड़वानी में सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान अपनी प्रस्तुतियों के लिए पहचान बना चुका है। शहर में जब भी कोई सांस्कृतिक आयोजन होता है, तो उनकी टीम को प्रस्तुतियों के लिए आमंत्रित किया जाता है। टीम के सदस्य एकजुट होकर गरबा और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से पारंपरिक संस्कृति को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं।
नौ दिनों तक गरबा और मां की आराधना का अवसर
भवेश यादव ने शहरवासियों से अपील की कि वे अयोध्या धाम फुटबॉल ग्राउंड पहुंचकर निशुल्क ओपन गरबा में शामिल हों, गरबा करें और मां की आरती में सहभागी बनकर धर्मलाभ लें। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर है। ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से उत्सव की रौनक बढ़ती है।बीडीसी ग्रुप में भवेश यादव, रेनु यादव, जया जोशी, सागर कोठाना और शिवानी मारू सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। टीम के सदस्य प्रतिदिन उत्साह के साथ आयोजन में भाग लेकर गरबा प्रेमियों के बीच अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं।आपको बता दे बीडीसी ग्रुप धार्मिक और संस्कृति कार्याे में आगे रहता है।
समिति द्वारा आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति ने शहरवासियों से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस गरबा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नवरात्रि के उल्लास और सांस्कृतिक परंपराओं का आनंद लेने की अपील की है।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सकूं भाई दरबार, उपाध्यक्ष रमेश भाई मुकाती, सचिव कपिल यादव, कोषाध्यक्ष अमित यादव तथा मीडिया प्रभारी पत्रकार आदित्य शर्मा हैं।