उज्जैन। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महिदपुर टेकरी पर विराजमान मां उर्वशी के दरबार में नवरात्रि के पावन पर्व पर भक्तों का तांता लगा हुआ है। 9 दिन तक चलने वाले इस महापर्व पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
महिदपुर टेकरी पर विराजमान मां उर्वशी का यह मंदिर पूरे मालवा अंचल में आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के पहले दिन से ही यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है। सुबह 4 बजे से ही मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं, जो देर रात तक लगी रहती हैं।
मंदिर परिसर मां के जयकारों और ढोल-नगाड़ों से गूंज उठा है। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी माता के दरबार में हाजरी लगाने पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु तो नंगे पैर टेकरी की चढ़ाई चढ़कर मां के दर्शन करने आ रहे हैं।
मान्यता है कि महिदपुर टेकरी पर मां उर्वशी के दर्शन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। नवरात्रि के 9 दिन यहां विशेष पूजा-अर्चना, हवन और गरबों का आयोजन भी किया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा भक्तों के लिए प्रसादी और भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।
वहीं भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही पार्किंग और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।