गरोठ। मंदसौर जिले के प्रसिद्ध दूधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। असावती गांव से चुनरी यात्रा लेकर दर्शन करने आई एक मासूम बच्ची ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका गांव के पूर्व सरपंच की पोती थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शाम करीब 5:30 बजे हुआ हादसा-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को असावती गांव के ग्रामीण चुनरी यात्रा लेकर दूधाखेड़ी माताजी मंदिर पहुंचे थे। शाम करीब 5:30 बजे श्रद्धालु दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान भवानीमंडी रोड पर एक ट्रक की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
मासूम की मौत के बाद भड़का आक्रोश, ट्रक में लगाई आग-
बच्ची की मौत की खबर से ग्रामीणों और चुनरी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने हंगामा करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा-
घटना की सूचना मिलते ही भानपुरा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को संभालने और लोगों को शांत कराने के प्रयास शुरू किए। घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी रही।
नवरात्रि मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल-
नवरात्रि के दौरान दूधाखेड़ी माताजी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मेले से पहले प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था को लेकर तैयारियां किए जाने की बात कही गई थी। लेकिन इस हादसे के बाद मंदिर मार्ग पर यातायात प्रबंधन और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। हादसे ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जरूरत को सामने ला दिया है।
फिलहाल, हादसे के कारणों और घटना के बाद ट्रक में आग लगाए जाने के मामले में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।