दतिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार को नवरात्रि की सप्तमी पर दतिया स्थित श्री पीतांबरा पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा में पटवारी ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक नियंत्रण और कार्यशैली को लेकर निशाना साधा।
पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री का अधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण कमजोर हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्यशैली बदलने की अपील करते हुए कहा कि यदि बदलाव नहीं हुआ तो आगे जनता को ही बदलाव करना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा, “वोट चोरी के प्रधानमंत्री बन गए हैं नरेंद्र मोदी।” वहीं, भाजपा नेताओं सरताज सिंह और नरोत्तम मिश्रा के भावुक होने के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यह रोना-धोना लूट की छूट के लिए है।” पटवारी ने इसे भाजपा के भीतर हिस्सेदारी की लड़ाई बताते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।