नीमच। ग्राम धनेरिया कलां की द्वारकापुरी कॉलोनी में नालियों के गंदे पानी और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या को लेकर रहवासियों में नाराजगी है। लंबे समय से नालियां क्षतिग्रस्त होने और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी खाली प्लॉटों और मकानों के आसपास जमा हो रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और मच्छरों सहित अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप-
रहवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। रहवासियों के अनुसार, उन्होंने 13 जनवरी 2026 को कलेक्टर को भी आवेदन देकर समस्या के निराकरण की मांग की थी। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया गया है। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने को लेकर रहवासियों ने नाराजगी जताई।
नालियों की निकासी और सड़कों की मरम्मत की मांग-
समस्या से परेशान रहवासियों ने विरोध जताते हुए सवाल उठाया कि आखिर उन्हें इस परेशानी से कब राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नालियों की निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, जमा गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि कॉलोनी में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को राहत मिल सके।