नीमच। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर नीमच शहर माता की भक्ति और आराधना में सराबोर नजर आ रहा है। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। इसी क्रम में शहर की टीआईटी कॉलोनी स्थित मां केला माता मंदिर में अष्टमी के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे और आयोजित विशाल प्रसादी भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।
25वें विशाल प्रसादी भंडारे का आयोजन-
मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 25वें विशाल प्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चले भंडारे में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूर-दराज से आए भक्तों ने भी भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मां केला माता के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की और सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की आस्था का बना प्रमुख केंद्र-
मंदिर में सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। भक्तों के अनुसार, मां केला माता मंदिर पिछले 25 वर्षों से क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। भक्त गहरी श्रद्धा और विश्वास के साथ यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित भंडारे ने धार्मिक आस्था के साथ सेवा और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
भादवामाता मेले को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव-
वहीं मां भादवामाता मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और पैदल आवागमन को देखते हुए नीमच यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे से 20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भाटखेड़ा, जावद, जेतपुरा और मालखेड़ा फंटा से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
कल 19 अक्टूबर को इन मार्गों से होगा आवागमन-
19 अक्टूबर को शाम 4 बजे से मैसी शोरूम की ओर से आने वाले सामान्य यातायात को अंबेडकर रोड, कलेक्ट्रेट मार्ग और जावद फंटा होते हुए शहर के बाहर जाने के लिए डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, जेतपुरा फंटा तथा मैसी शोरूम से जेतपुरा फंटा की ओर जाने वाले मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
वाहन चालक व आमजनों से की सहयोग की अपील-
यातायात पुलिस ने व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर्स से 19 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से पहले माल की लोडिंग-अनलोडिंग पूरी करने की अपील की है। साथ ही श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।