गरोठ। दुधाखेड़ी माताजी मंदिर में रविवार को मासूम कार्तिक की दर्दनाक मौत की घटना के बाद डीआईजी निमिष अग्रवाल दुधाखेड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सख्त निर्देश दिए।
डीआईजी निमिष अग्रवाल ने यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और दुधाखेड़ी माताजी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्वालियर की घटना के बाद भी हुई थी कार्रवाई-
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में नवरात्रि पर्व के दौरान ग्वालियर में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया था। उस घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएसपी सहित तीन थाना प्रभारियों और अन्य जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की थी।
सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल-
दुधाखेड़ी माताजी मंदिर में मासूम की मौत की घटना के बाद धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। श्रद्धालुओं की मांग है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें।