चित्तौड़गढ़। नवरात्रि के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निंबाहेड़ा सेवाकेंद्र पर दस दिवसीय योग तपस्या भट्टी का आयोजन किया गया। इस भट्टी को ‘सिद्धि स्वरूप तपस्या’ एवं ‘ज्वाला स्वरूप तपस्या’ नाम दिया गया।
दस दिनों तक भाई-बहनों ने विभिन्न विधियों से योग साधना करते हुए अपने नकारात्मक संस्कारों को समाप्त करने तथा ‘एक परमात्मा मेरा, दूसरा न कोई’ की भावना के साथ गहन तपस्या की। इस दौरान साधकों ने आध्यात्मिक अनुभूतियां प्राप्त कीं।
इसी क्रम में नवरात्रि पर्व के दौरान निंबाहेड़ा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से आध्यात्मिक चरित्र निर्माण प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचकर ईश्वरीय ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं और आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक शक्तियों का अनुभव कर रहे हैं। नगर के वरिष्ठजन भी प्रदर्शनी में पहुंचकर आध्यात्मिक चित्रों के माध्यम से जीवन मूल्यों और श्रेष्ठ संस्कारों से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, उनकी धर्मपत्नी कमल कृपलानी, आचार्य तुलसी ब्लू फाउंडेशन के संस्थापक सुनील तथा वरिष्ठ पत्रकार भजन सहित अन्य गणमान्यजन की उपस्थिति का उल्लेख किया गया।
सेवाकेंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने बताया कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होते हैं। योग साधना से आत्मिक शक्ति बढ़ती है तथा समाज में श्रेष्ठ संस्कारों और सकारात्मक विचारों का वातावरण निर्मित होता है।