सुवासरा/मंदसौर। मंदसौर जिले के सुवासरा में व्यापारी विक्रम बंजारा पर चाकू से हमले के विरोध में बंजारा समाज और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार और सोमवार को चक्काजाम किया गया। सोमवार शाम पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
व्यापारी पर चाकू से 8 से 10 वार-
जानकारी के अनुसार, रविवार को रुणीजा रोड पर कहासुनी के बाद विक्रम बंजारा पर चाकू से 8 से 10 वार किए गए। हमले में उनके पेट में गंभीर चोटें आईं। उन्हें मंदसौर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। पुलिस ने विक्रम दायमा और उनके बेटे दिलीप दायमा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
विधायक आवास के बाहर धरने पर बैठे परिजन-
सोमवार को बंजारा समाज के लोग विधायक आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। विधायक ने परिजनों से चर्चा की। इस दौरान परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, उनकी कथित अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और मामले में सहयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक ने अधिकारियों को कथित अवैध संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हालांकि, परिजन और प्रदर्शनकारी इससे संतुष्ट नहीं हुए।
तहसील कार्यालय के सामने रास्ता रोका, फिर किया चक्काजाम-
प्रदर्शनकारियों ने पहले तहसील कार्यालय के सामने मोटरसाइकिलें खड़ी कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद वे सुवासरा पेट्रोल पंप चौपाटी पहुंचे और चक्काजाम किया। लगातार दो दिन से चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए एसपी रामसनेही मिश्रा, सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति, सुवासरा थाना प्रभारी बी. वीर सहित पुलिस बल तैनात रहा।
सोमवार शाम गरोठ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति सामान्य है और आरोपियों की तलाश जारी है।