नीमच। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी और नवमी के अवसर पर महामाया भादवामाता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नीमच सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में भक्त पैदल यात्रा कर माता के दरबार में पहुंच रहे। देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में समाजसेवियों और विभिन्न राजनीतिक संगठनों की ओर से स्वल्पाहार के स्टॉल लगाए गए, जहां भक्तों को नाश्ता और जलपान उपलब्ध कराया गया।
नवरात्रि के पावन अवसर पर माता के दरबार में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार रात्रि को महामाया भादवामाता मंदिर परिसर में हवन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु आहुति देकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।