KHABAR : कसरावद में जामुन की आवक शुरू, गुजरात से आ रही खेप, बाजार में बढ़ी मांग, पढे़ अबरार पठान की खबर 

June 6, 2026, 11:39 am




कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में जामुन का सीजन शुरू हो गया है। फिलहाल निमाड़ क्षेत्र में स्थानीय जामुन तैयार नहीं होने के कारण व्यापारी गुजरात के हलोल-कलोल क्षेत्र से जामुन मंगवाकर बाजार की मांग पूरी कर रहे हैं। व्यापारी राजू वर्मा ने बताया कि वे गुजरात से जामुन की खेप मंगवाकर क्षेत्र के फुटकर व्यापारियों को उपलब्ध करा रहे हैं। जामुन के औषधीय गुणों के कारण इसकी बाजार में अच्छी मांग बनी हुई है। खासकर शुगर और पेट संबंधी समस्याओं में लाभकारी माने जाने के कारण ग्राहक इसकी लगातार पूछताछ कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार निमाड़ क्षेत्र का स्थानीय जामुन बाजार में आने में अभी करीब 10 से 12 दिन का समय लगेगा। तब तक गुजरात से आने वाला जामुन ही बाजार में उपलब्ध रहेगा। व्यापारियों का कहना है कि इस बार सीजन की शुरुआत से ही जामुन की मांग अच्छी है, जिससे ग्राहकों को समय पर फल उपलब्ध हो रहा है। स्थानीय जामुन की आवक शुरू होने के बाद बाजार में इसकी उपलब्धता और बढ़ने की उम्मीद है। जामुन के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए कसरावद क्षेत्र में इसकी बिक्री भी रफ्तार पकड़ रही है और ग्राहक स्वाद के साथ स्वास्थ्य लाभ के लिए इसे खरीद रहे हैं।

संबंधित समाचार

VOICE OF MP