BIG REPORT : कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर, पढ़े खबर
नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग द्वारा शनिवार को गांधी भवन, नीमच में जिला पदाधिकारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक तथा एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इतिहास, सिद्धांतों एवं जनहितकारी नीतियों की जानकारी देते हुए संगठन को सशक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सामाजिक न्याय, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है, जिसे आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। बैठक में जिला कांग्रेस अनुशासन समिति सदस्य रमेश कदम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, जिला प्रवक्ता मनोहर अंब, जिला अनुसूचित जाति विभाग प्रभारी महेश वीरवाल, जिला अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष राकेश जावरिया तथा मोनू लोक्स मंचासीन रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, आमजन के बीच सक्रिय रहने तथा आगामी चुनावों में कांग्रेस की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित, जागरूक और सक्रिय कार्यकर्ता ही किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। कार्यक्रम में जिलेभर से पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर के दौरान संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान एवं आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।