BIG NEWS : नीमच में नगर पालिका के शुद्ध पानी के दावे फेल, इस वार्ड में नल खोलते ही निकल रहा बदबूदार और कीड़ों भरा पानी, रहवासियों की सेहत खतरें में, जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि बेखबर, अब फूटा लोगों का गुस्सा, पढ़े खबर
नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित बगीचा नंबर-5 क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर रहवासियों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले लगभग एक माह से नलों में मटमैला एवं बदबूदार पानी आ रहा है, जिसमें कीड़े भी दिखाई दे रहे हैं। इससे लोगों को मजबूरी में दूषित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। रहवासियों के अनुसार गंदे पानी के कारण कई परिवारों में पेट एवं पाचन संबंधी समस्याएं सामने आने लगी हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार पार्षद एवं नगर पालिका अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि पेयजल आपूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। उनका आरोप है कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावों के बावजूद क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति जारी है। नागरिकों ने प्रशासन से जल गुणवत्ता की जांच कराने, पाइपलाइन की सफाई करवाने तथा नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।