KHABAR : विदिशा में 4 हजार लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग शुरू, अगस्त तक यूनिट शुरू करने का लक्ष्य, शिवराज बोले- इलाज कराने मुंबई नहीं जाना पड़ेगा, पढे़ खबर

June 6, 2026, 4:16 pm




विदिशा। शासकीय अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में शनिवार से दो दिवसीय मेगा कैंसर स्क्रीनिंग शिविर शुरू हुआ। इसका उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान और उपचार करना है। यह शिविर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया है। इसमें टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल मुंबई के 24 विशेषज्ञ डॉक्टर, भोपाल एम्स के 4 चिकित्सक और स्थानीय मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल के विशेषज्ञ मरीजों की जांच कर रहे हैं। 4 हजार लोगों की स्क्रीनिंग होगी 6 और 7 जून को आयोजित इस शिविर में लगभग 4 हजार लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। यहां सर्वाइकल, ब्रेस्ट, गर्भाशय और मुख कैंसर सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त, महिला रोग, दंत रोग, हड्डी रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए भी विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, विदिशा जिले से लगभग 3500 लोगों का पंजीयन किया गया है। पहले दिन करीब 1900 और दूसरे दिन 1600 लोगों की जांच की जाएगी। शिविर में रायसेन, सीहोर और देवास जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज स्क्रीनिंग के लिए पहुंचे हैं। शिवराज और डिप्टी CM ने शुभारंभ किया शिविर का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक, टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के निदेशक और एम्स के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में प्रतिवर्ष हजारों लोगों की मौत कैंसर से होती है। उन्होंने महिलाओं में गर्भाशय कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की। चौहान ने बताया कि भविष्य में टाटा मेमोरियल अस्पताल की एक इकाई विदिशा में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे मरीजों को इलाज के लिए मुंबई नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर मरीजों को सरकारी योजनाओं से भले ही इलाज मिल जाए, लेकिन आने-जाने, रहने और भोजन का खर्च कई बार इलाज से भी अधिक हो जाता है। इसी कारण विदिशा में ही बेहतर उपचार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शिवराज ने कहा कि डॉक्टरों ने कैंसर के बढ़ते मामलों के पीछे तंबाकू के साथ रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग को भी प्रमुख कारण बताया है। इसी वजह से संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों को नशे से दूर करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। उपचार सुविधाएं विकसित की जाएंगी उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से रेडिएशन और कैंसर उपचार सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पहले चरण में 2003 से पहले स्थापित मेडिकल कॉलेजों में यह व्यवस्था शुरू होगी, इसके बाद अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी कैंसर यूनिट स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 26 मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है।

संबंधित समाचार

VOICE OF MP