नीमच। वर्षाकाल में संभावित बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गांधी सागर बांध के रामपुरा बैकवाटर क्षेत्र में 8 जून 2026 को बाढ़ राहत एवं बचाव संबंधी मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की संयुक्त टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश द्वारा जारी आदेशानुसार मॉकड्रिल के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एसडीएम मनासा को नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार रामपुरा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड द्वारा बोट, नाव, लाइफ जैकेट, हेलमेट एवं आवश्यक बचाव उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। थाना प्रभारी रामपुरा पुलिस बल उपलब्ध कराएंगे, जबकि नगर परिषद रामपुरा द्वारा टेंट, पेयजल, स्वल्पाहार, फायर ब्रिगेड एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी।
जनपद पंचायत मनासा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को बैनर, पोस्टर, बैठक व्यवस्था, प्रचार-प्रसार तथा सरपंच, पंच एवं आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बीएमओ मनासा द्वारा एम्बुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सहायक संचालक मत्स्य विभाग पर्याप्त तैराकों एवं नावों की व्यवस्था करेंगे।
प्रशासन के अनुसार मॉकड्रिल का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।