KHABAR : आंगनवाड़ी के पोषण आहार में निकला मृत सांप का बच्चा, पांढुर्णा में गर्भवती महिला को दिया था लड्डू पैकेट; ग्रामीणों ने किया हंगामा, पढे़ खबर 

June 6, 2026, 4:47 pm




पांढुर्णा। जिले के कारघाट कामठी गांव में शनिवार को आंगनवाड़ी केंद्र से बांटे गए पोषण आहार में सांप का मृत बच्चा मिला। यह पैकेट एक गर्भवती महिला को दिया गया था। गनीमत यह रही कि महिला ने लड्डू का सेवन नहीं किया था, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। पैकेट खोलते ही हैरान रह गया परिवार जानकारी के अनुसार, कारघाट कामठी की रहने वाली गर्भवती महिला वच्छला बाई धुर्वे को आंगनवाड़ी केंद्र से पोषण आहार के तहत लड्डू का पैकेट मिला था। जब परिवार के सदस्यों ने घर पर पैकेट खोला, तो उसके अंदर सांप की प्रजाति का एक मृत बच्चा दिखाई दिया। परिवार ने तुरंत इसकी सूचना आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और प्रशासन को दी। इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र पर लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस और बाल विकास विभाग ने शुरू की जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए परियोजना अधिकारी उषा पंदरे, नंदनवाड़ी पुलिस और नंदवाड़ी नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पैकेट को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी ने बताया कि पोषण आहार का सैंपल सुरक्षित रख लिया गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि मृत जीव पैकेट में किस स्तर पर पहुंचा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल इस घटना के बाद से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और परिजनों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पोषण आहार की गुणवत्ता की नियमित जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

संबंधित समाचार

VOICE OF MP