BIG REPORT : कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खातीखेड़ा में रोड रेस्टोरेशन कार्य शुरू, जन समस्या निराकरण शिविर में उठी मांग पर जल निगम की त्वरित कार्रवाई, क्षतिग्रस्त सड़कों का होगा सुधार, पढ़े खबर
नीमच। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए ग्राम खातीखेड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में रोड रेस्टोरेशन कार्य प्रारंभ कर दिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जन समस्या निराकरण शिविर में दिए गए निर्देशों के बाद जल निगम ने क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार का कार्य शुरू कर दिया है। गत दिनों भगवानपुरा ग्राम पंचायत के ग्राम खातीखेड़ा में आयोजित जन समस्या निराकरण शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई आंतरिक सड़कों की समस्या प्रमुखता से उठाई थी। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मौके पर ही जल निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए थे। महाप्रबंधक धीरेंद्र बिजोरिया ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशों के अनुपालन में खातीखेड़ा सहित आसपास के तीन गांवों में रोड रेस्टोरेशन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान जिन आंतरिक मार्गों को नुकसान पहुंचा था, उनका सुधार कराया जा रहा है। साथ ही जहां-जहां सड़क पुनर्स्थापन का कार्य शेष है, वहां भी प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कार्य में तेजी लाई गई है। जल निगम द्वारा सड़क सुधार कार्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूर्ण हो सके। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़क सुधार कार्य पूरा होने के बाद आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।