मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हारगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 173 किलो 380 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 46 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर मल्हारगढ़-जीरन रोड स्थित भैसाखेड़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो क्रमांक एमपी 14 बीई 0668 को रोका गया।
वाहन की सघन तलाशी लेने पर तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया। आरोपियों ने बोलेरो की छत और पीछे की सीट के नीचे विशेष गुप्त खाने (केबिन) बना रखे थे। इन्हीं खानों में बड़ी मात्रा में पीसा हुआ डोडाचूरा छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार-
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र पिता मदनलाल लक्षकार निवासी जवाहर मार्ग, शामगढ़ तथा राधेश्याम पिता बालाराम लक्षकार निवासी बालागुड़ा, थाना पिपलियामंडी के रूप में हुई है। मल्हारगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क एवं मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दो अन्य आरोपी फरार-
मामले में पुलिस ने दो अन्य व्यक्तियों को भी सह-आरोपी बनाया है, जो वर्तमान में फरार हैं। इनमें मिलन पिता परसराम राठौर निवासी बही, थाना पिपलियामंडी तथा पदमसिंह निवासी बाड़मेर (राजस्थान) शामिल हैं। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।