KHABAR : विश्व पर्यावरण दिवस पर बावड़ी पूजन एवं गंगा आरती, कुकड़ेश्वर में जल स्रोतों के संरक्षण का लिया संकल्प, भगवती प्रसाद सोनी ने कहा- जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी, पढ़े दशरथ नागदा की खबर
कुकड़ेश्वर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस एवं बावड़ी उत्सव के अवसर पर कुकड़ेश्वर में नवांकुर संस्था लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति के संयुक्त तत्वावधान में जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत मनासा रोड स्थित प्राचीन बावड़ी पर जल स्रोत पूजन एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन रावत, पार्षद प्रतिनिधि लोकेश मोदी, पूर्व सरपंच एवं एल्डरमैन तुलसीराम मालवीय, नवांकुर संस्था प्रमुख भगवती प्रसाद सोनी, नंदकिशोर मालवीय एवं मदन मौर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बावड़ी पूजन से हुई। इसके पश्चात उपस्थित जनों ने जल स्रोत की आरती कर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर नवांकुर संस्था प्रमुख भगवती प्रसाद सोनी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. रामू कच्छावा, नंदकिशोर मालवीय, कन्हैयालाल मालवीय, देवीलाल साहेब सहित नगर के अनेक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लोकेश मोदी ने किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया गया।