BIG REPORT : दिनभर चली नपा की अतिक्रमण हटाओ मुहिम, सड़क किनारे से हटाया अवैध कब्जा, सांई मंदिर से भगवानपुरा चौराहा तक कार्रवाई, 7 ट्रॉली सामान जब्त, 20 चालान बनाकर वसूला इतने हजार रूपये का जुर्माना, पढ़े खबर
नीमच। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को नगर पालिका की टीम ने अंबेडकर रोड स्थित सांई मंदिर से भगवानपुरा चौराहा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर सड़क तक फैलाए गए सामान को हटवाया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नगर पालिका की टीम ने सड़क किनारे रखी गुमटियों, ठेलों एवं अन्य अतिक्रमण सामग्री सहित करीब 7 ट्रॉली सामान जब्त किया। वहीं 20 अतिक्रमणकर्ताओं के चालान बनाकर उनसे 10,500 का जुर्माना भी वसूला गया। सोमवार 27 जुलाई को मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका के राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले एवं टेकचंद बुनकर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान सहायक राजस्व निरीक्षक महावीर जैन, तेज प्रकाश चोपड़ा, हेमंत सिसोदिया, महेंद्र साहू, योगेश टांकवाल, रवि खरे, स्वच्छता गैंग प्रभारी दीपक गोहर सहित नपा कर्मचारी जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य संसाधनों के साथ मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई की शुरुआत अंबेडकर रोड स्थित सांई मंदिर के सामने से की गई। इसके बाद टीम शिवाजी सर्कल, डाक बंगला रोड होते हुए भगवानपुरा चौराहा पहुंची। इस दौरान दुकानदारों को समझाइश देकर दुकानों के बाहर सड़क तक रखा सामान हटवाया गया। कई दुकानदारों द्वारा बार-बार समझाइश के बाद भी सामान नहीं हटाने पर उसे जब्त कर लिया गया। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण की नीयत से खड़ी बंद गुमटियों एवं ठेलों को भी जब्त कर पुरानी नगर पालिका परिसर में भिजवाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शहर में पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने और आमजन के आवागमन को सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रखने, गुमटी एवं ठेले लगाकर यातायात बाधित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने पर पहली बार 200, दूसरी बार 500 और तीसरी बार 1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने पर जब्त सामग्री को राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।