REPORT : जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और आईटीआई में महिला प्रवेश बढ़ाने पर जोर, पढ़े खबर 

July 27, 2026, 7:12 pm




नीमच। जिला कौशल विकास समिति की बैठक सोमवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के प्रभावी संचालन, अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में महिला प्रवेश बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत जिले के अधिकाधिक युवाओं का पंजीयन एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान जावद, मनासा एवं रामपुरा आईटीआई द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं किए जाने पर संबंधित प्राचार्यों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शासकीय आईटीआई में छात्राओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि विद्यालय स्तर पर छात्राओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएं, जिससे अधिक से अधिक छात्राएं आईटीआई में प्रवेश लेकर रोजगारपरक कौशल प्राप्त कर सकें। बैठक में समिति के सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कौशल विकास योजनाओं के बेहतर संचालन, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

संबंधित समाचार

VOICE OF MP