KHABAR : आयुर्वेद चिकित्सा शिविरों में उमड़ा ग्रामीणों का भरोसा, पिपल्या रावजी और अलोरी गरवाड़ा में 77 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ, पढ़े खबर
नीमच। आयुष विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी एवं अलोरी गरवाड़ा द्वारा विभिन्न ग्रामों में शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 77 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में आयोजित शिविर में त्वचा रोग, उदर रोग, नेत्र रोग, श्वास-कास, अम्लपित्त, संधिवात, स्त्री रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच एवं उपचार किया गया। मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। शिविर में 36 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इसी प्रकार शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय अलोरी गरवाड़ा द्वारा ग्राम बल्दरखा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, श्वास-कास, उच्च रक्तचाप, अम्लपित्त सहित विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। शिविर में बीपी की जांच भी की गई, जिसमें 41 मरीज लाभान्वित हुए। दोनों शिविरों में चिकित्सकों द्वारा मौसमी बीमारियों से बचाव, नशा मुक्ति, स्वच्छता, संतुलित आहार, तनाव प्रबंधन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। शिविरों में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान एवं डॉ. धीरज डावर सहित स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।