नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की आज 18 नवंबर को दूसरी बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की शुरूआत जोरदार हंगामें के साथ। हंगामें के बीच ओएस ने प्रस्ताव पढ़े और सभी 55 प्रस्तावों को बहुमत से पास किया। इसके बाद कांग्रेसी पार्षदों ने नपाध्यक्ष की आसंदी तक पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
नगर पालिका परिषद की यह बैठक मात्र कांग्रेस पार्षदां के हंगामें के बीच महज 15 मिनट में ही समाप्त हो गई। बैठक की शुरूआत के साथ ही कांग्रेसी पार्षदों ने जमीन नहीं बेचने देंगे सहित पानी और अन्य समस्याओं को लेकर जोरदार हंगामा किया। कांग्रेस पार्षदों के इस हंगामें के बीच भी ओएस लगातार प्रस्तावों को पढ़ते रहे व पास करते रहे। इस दौरान कांग्रेस पार्षद कविता मोनू लोक्स, योगेश प्रजापति, लप्पो आपा, सुमित्रा पोरवाल सहित अन्य बेरिकेडिंग कूदकर आसंदी तक पहुंचे और नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, नपा सीएमओ गरिमा पाटीदार से तीखी बहस करते हुए विरोध दर्ज कराया। इसके बाद जैसे ही बैठक समाप्त हुई और नपाध्यक्ष, सीएमओ व अन्य बाहर निकले तो कांग्रेसी पार्षदों ने हाथों में तख्तियां लेकर सीएमओ की गाड़ी का घेराव कर दिया। जब सीएमओ गाड़ी से बाहर नहीं आई तो पार्षद जमीन पर बैठ गए और रास्ता रोक लिया। इस पर सीएमओ बाहर निकली और पार्षदों की बात सुनी तब जाकर पार्षद शांत हुए।