चित्तौड़गढ़। अवैध गतिविधियों एवं मादक पदार्थों की तस्करी में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के मामले में पिछले पांच माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी शंकरलाल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेंद्र सिंह तथा NDPS एक्ट में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित SIT के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चंद्र सिंह के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। मंगलवाड़ थानाधिकारी भवानीशंकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
डोडाचूरा और अफीम की बरामदगी के बाद सामने आया था नाम-
पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को मंगलवाड़ थाना पुलिस ने पालखेड़ी की सरहद में नेशनल हाईवे-48 पर एक कंटेनर क्रमांक RJ 32 GE 3361 को रोककर तलाशी ली थी। पुलिस ने कंटेनर चालक पूरणमल पिता लक्ष्मण यादव, निवासी ढाणी चोकुटी (बागावास अहिरान), थाना भाबरू, जिला कोटपूतली-बहरोड़ (राजस्थान) के कब्जे से 89 किलो 725 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा एवं 2 किलो 120 ग्राम अफीम जब्त की थी।
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपी पूरणमल ने पूछताछ में उक्त मादक पदार्थ शंकरलाल गाडरी से खरीदकर लाना बताया था। इसके बाद पुलिस ने शंकरलाल की तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने गांव से फरार हो गया। लगातार तलाश के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक की ओर से शंकरलाल पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया।
गुजरात-मुंबई सहित कई स्थानों पर तलाश-
पुलिस के अनुसार, गांव से फरार होने के बाद शंकरलाल गुजरात, मुंबई एवं आसपास के राज्यों में फरारी काट रहा था। मंगलवाड़ थाना पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने नेगड़िया, आमलिया जी का खेड़ा, किशोरसिंह जी का खेड़ा, लक्ष्मीपुरा एवं रोडजी का खेड़ा सहित आसपास के गांवों में दबिश दी। इसी दौरान पुलिस ने आमलिया जी का खेड़ा से शंकरलाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका-
कार्रवाई में मंगलवाड़ थानाधिकारी भवानीशंकर, कांस्टेबल टंवर सिंह (1196), गजेंद्र सिंह (225), चंद्रशेखर (1619), सिंह (205), उम्मेद सिंह (398) एवं गोमाराम (840) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।