खनियांधाना। 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम हुकुमपुर में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए बीते रोज एक ही रात में सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया है। चोरों ने न केवल घरों के ताले और कुंडी तोड़े, बल्कि दीवारों में भी सेंधमारी कर घरों में रखे सोने-चांदी के पुराने इस्तेमाल के कीमती जेवरात और नकदी पार कर दिए। इसके साथ ही, गांव के ही दिनेश पुत्र सियाराम यादव के दोनों घरों में भी चोरों द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित शिकायतकर्ता महेंद्र सिंह यादव पुत्र त्रिलोक सिंह यादव, उम्र 54 वर्ष ने बताया कि बीते रोज दरमियानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके और उनके चचेरे भाई शिवप्रताप यादव के घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने कमरों व बक्सों के ताले, गेट की कुंडी और दीवार तोड़कर बहुओं के जेवरात और दोनों घरों से लगभग 80 हजार रुपये की नकदी समेट ली। पीड़ितों के पास जेवरात की पूरी सूची अभी उपलब्ध नहीं है, जिसे वे जल्द ही पुलिस के समक्ष पेश करेंगे।
एक ही रात में हुई इस बड़ी चोरी की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खनियांधाना थाना प्रभारी संजय सिंह किरार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों एसडीओपी को अवगत कराया गया था और वे खुद मौके पर पहुँचे थे। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए शिवपुरी से डॉग स्क्वाड और गुना से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया, जिन्होंने फिंगरप्रिंट और फुटमार्क जैसे अहम तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। चूंकि गांव इंटीरियर में है और घरों के पीछे खुला मैदान व खेत हैं, इसलिए चोरों ने वहाँ बूट के निशान भी छोड़े हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस साइबर सेल की मदद से हर पहलू पर बारीकी से जाँच कर रही है और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।