रतलाम। सैलाना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा वर्षा सोलंकी की मौत के बाद मंगलवार रात जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। छात्रा की मौत की जानकारी सामने आने के बाद परिजन, छात्राएं और आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी स्कूल के बाहर रतलाम-सैलाना मुख्य सड़क पर बैठ गए। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले प्रदर्शन के बाद जनजातीय कार्य विभाग ने हॉस्टल वार्डन, स्कूल प्रिंसिपल और परीक्षा के दौरान चेकिंग करने वाली शिक्षिका को हटाने की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, वर्षा सोलंकी मंगलवार को स्कूल में छमाही परीक्षा का अर्थशास्त्र का पेपर देने गई थी। परीक्षा के दौरान छात्राओं की चेकिंग में उसके पास नकल की पर्ची मिलने की बात सामने आई। इसके बाद संबंधित शिक्षिका ने उसे परीक्षा में बैठने से रोक दिया और हॉस्टल भेज दिया। कुछ समय बाद हॉस्टल में छात्रा की मौत की जानकारी सामने आई।
परीक्षा खत्म होने के बाद जब उसकी रूममेट छात्राएं हॉस्टल पहुंचीं, तब घटना का पता चला। सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
देवास से सैलाना पहुंचे परिजन
वर्षा सोलंकी मेवाड़ पंथ, जिला देवास की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन देवास से सैलाना पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के बाद छात्रा के शव को सैलाना स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
मंगलवार रात परिजनों के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं, आदिवासी संगठन के नेता और आदिवासी छात्र संगठन के पदाधिकारी स्कूल के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने हॉस्टल वार्डन, प्रिंसिपल और परीक्षा के दौरान चेकिंग करने वाली शिक्षिका को हटाने की मांग रखी। साथ ही परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग भी की गई।
अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
विरोध की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रतलाम से जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी भी सैलाना पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से चर्चा की। वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद वार्डन, प्रिंसिपल और संबंधित शिक्षिका को हटाने की जानकारी दी गई। परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया।
इसके बाद रात करीब 11 बजे छात्राएं और परिजन सड़क से हट गए। प्रदर्शन के कारण रतलाम-सैलाना मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे से अधिक समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद छात्रा का शव रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सैलाना तहसीलदार मनीष जैन ने बताया कि जनजातीय विकास विभाग ने हॉस्टल वार्डन, स्कूल प्रिंसिपल और संबंधित शिक्षिका को हटा दिया है। छात्रा का शव रात में रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले से जुड़े सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।