रतलाम। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार रतलाम जिला होमगार्ड लाइन में सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अपर कलेक्टर बृजेन्द्र रावत एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीआरएफ रोशनी बिलवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस आपदा प्रबंधन का परिचय, आपदाओं के प्रकार एवं आपदा मित्र की भूमिका के संबंध में रोशनी बिलवाल ने जानकारी दी। प्लाटून कमांडर ज्योति बघेल ने आपदा की पूर्व तैयारी, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, योजना निर्माण तथा भूकंप के कारणों एवं सुरक्षा के मूलभूत नियमों की जानकारी दी। सैनिक यश तोमर ने भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के बारे में बताया।
सैनिक 1204 तुषार भट्ट ने मानव शरीर की संरचना से संबंधित जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ टीम द्वारा भूकंप के दौरान उपयोग में आने वाली विभिन्न सुरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया गया तथा प्रतिभागियों को इन तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 आपदा मित्र उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य तथा नागरिक सुरक्षा से संबंधित दायित्वों के निर्वहन के लिए सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट रोशनी बिलवाल के नेतृत्व में कंपनी कमांडर बद्री मंडलोई, ज्योति बघेल तथा होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवानों द्वारा किया जा रहा है।