नीमच। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने पदभार ग्रहण समारोह में ही नीमच को स्वच्छ शहर बनाने का इरादा जाहिर करते हुए कहा था कि हम नीमच को स्वच्छता रैंकिंग में टॉप टेन पर लाकर ही दम लेंगे।
नई परिषद का गठन हुए लगभग 4 माह हो गए हैं किंतु शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। हालांकि नगर पालिका अध्यक्ष और उनकी टीम ने आज अपने नेक इरादों को अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत की। जिसके तहत वार्ड नंबर 8 में पीजी कॉलेज रोड एवं इंदिरा नगर से आगे शनि मंदिर के पास की बस्ती और मुख्य मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया।
मौके पर स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, स्वच्छता सभापति धर्मेश पुरोहित, वार्ड पार्षद दुर्गाशंकर, रामचंद्र धनगर, राकेश किलोरिया, एवं सफाई अमले से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे। यहां नगर पालिका अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। यह स्वच्छता अभियान नीमच सिटी पिपली चौक वार्ड नंबर 5 ज्योति विशाल यादव के वार्ड में भी चलाया गया।
नगरपालिका अध्यक्ष का कहना है कि यह अभियान अब सतत रूप से जारी रहेगा।यह स्वच्छता पखवाड़ा केवल रस्म अदायगी बनकर न रह जाए इस हेतु यह जरूरी है कि संबंधित विभाग के कर्मचारी और अधिकारी, जनप्रतिनिधि व जनभागीदारी के माध्यम से इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाए तभी क्लीन नीमच के सपने को साकार रूप दिया जा सकेगा। पूरा शहर इस कार्य को अपना कर्तव्य समझेगा तभी नीमच का सपना पूरा हो पाएगा।