चित्तौड़गढ़। खाद्य व नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तथा उनका परिणाम दोनो बेहतरीन है। राजस्थान विकास के मामले में देश में दूसरे स्थान पर हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने 86 प्रतिशत वादे पूरे कर लिए हैं। राजस्थान सरकार सभी वर्गों के लिए सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। चिरंजीवी योजना का लाभ हर घर तक पहुंचा है। प्रदेश के 1 करोड लोगों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल रहा है। शहरी रोजगार गारंटी योजना में लगभग 5 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। सरकार विद्यार्थियों को विदेशों में पढ़ने के अवसर भी प्रदान कर रही हैं। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हर घर को मिला हैं। उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से आमजन परेशान हैं, भाजपा को केंद्र सरकार के कार्य का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में 85 लाख करोड़ रुपए का कर्जा जनता पर भार है, जबकि 2014 तक की सभी सरकारों में 54 लाख करोड़ रुपए का कर्जा था, इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा की केंद्र सरकार किस तरह का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश को गरीबी बेरोजगारी और महंगाई से मुक्ति तभी मिलेगी जब कांग्रेस सत्ता में आएगी। उन्होंने भाजपा पर झूठे वादे और जनता को बरगलाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस अपने वादे सही अर्थों में पूरे करती है राजस्थान की कांग्रेस सरकार इस बात का उदाहरण है। भ्रष्टाचार के सवाल पर जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे ज्यादा कार्यवाही राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने की है।