देवास। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मल्हार स्मृति मंदिर देवास में ‘’अमृत संचय अभियान’’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक गायत्री राजे पंवार,शाजापुर विधायक अरूण भीमावत, महापौर गीता अग्रवाल,सभापति रवि जैन, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति,नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा, संयुक्त कलेक्टर प्रियंका मिमरोट, सहित अमृत संचय टीम एवं देवास के गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि एक समय था जब देवास में पानी की बहुत समस्या थी। पानी का संकट देवास की जनता ने देखा है। देवास में जन भागीदारी से पानी बचाने के लिए सभी को बधाई।देवास में अच्छा कार्य हुआ है। किसी भी कार्य को सफल होने के लिए जन भागीदारी होना आवश्यक है। देवास के सभी बच्चों के संस्कार में आना चाहिए कि जल अमृत है, इसे व्यर्थ न बहाये, ऐसा करने से देवास देश को मार्गदर्शन करने वाला शहर बन जाएगा।नगरीय विकास एवं आवास मंत्री विजयवर्गीय ने एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत मल्हार स्मृति मंदिर में पौधारोपण भी किया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास की जनता सकारत्मक विचार रखती है। देवास में घर-घर जाकर नागरिकों को जागरूक किया गया और आज हम इस लक्ष्य तक पहुंचे हैं।कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि हर्ष का विषय है कि 100 दिन पहले अमृत संचय अभियान शुरू हुआ। अभियान की शुरूवात में हमने सोचा भी नहीं था कि हम 100 करोड़ लीटर पानी बचाया सकते हैं, पर आज हम 225 करोड़ लीटर पानी बचाने के लक्ष्य तक पहुंचे हैं। मालवा की जनता इतनी अच्छी है कि एक कदम बढ़ाते हैं तो यहां की जनता 10 कदम आगे बढ़ाती है। हमारा लक्ष्य हर वर्ष 01 हजार करोड़ लीटर वर्षा का जल संचय करने का है।कार्यक्रम में अमृत संचय का संकल्प दिलाया गया अमृत संचय अभियान में सहभागी बनने वाले संगठनों और नागरिकों को सम्मानित कर विज्ञान भारती फोल्डर का आयोजन भी किया गया।